|
मध्यप्रदेश में पूंजी निवेश को आकर्षित करने का अभियान मध्यप्रदेश में पूंजी निवेश को आकर्षित करने के अभियान के अंतर्गत अक्टूबर 2012 में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट- III का आयोजन प्रस्तावित है। इससे पहले प्रादेशिक स्तर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक अनेक इवेन्ट होंगे।
इस अभियान के दौरान वर्ष 2011-12 और 2012-13 में औद्योगिक संगठनों की सहभागिता में प्रदेश के अलावा देशभर में विभिन्न स्थानों पर रोड शो आयोजित किये जायेंगे। इसके साथ ही विदेशों में भी इंडस्ट्री इंटरेक्टिव सेशन और रोड शो का आयोजन होगा।
प्रदेश में औद्योगिक विकास की संभावनाओं को देखते हुए उद्योगों के विकास और औद्योगिक अधोसंरचना के विकास में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिये होने वाले आयोजनों से संबंधित विषयों पर त्वरित निर्णय लेने के लिये राज्य शासन ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में साधिकार समिति का गठन किया है। इस समिति में अपर मुख्य सचिव (उद्योग) और उद्योग आयुक्त सदस्य हैं जबकि ट्रायफेक के प्रबंध संचालक समिति के सदस्य-सचिव हैं। समिति में वित्त, पर्यटन और उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के प्रमुख सचिव, ऊर्जा, खनिज साधन, सूचना प्रौद्योगिकी और जनसंपर्क विभाग के सचिव तथा सचिव मुख्यमंत्री को भी सदस्य बनाया
गया है।
समिति आवश्यकतानुसार अन्य विभागों के प्रमुख सचिव अथवा सचिव को सदस्य के रूप में सहयोजित कर सकेगी।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित इस साधिकार समिति की पहली बैठक सोमवार, दो मई की दोपहर 4.30 बजे मंत्रालय में आयोजित की गई है।
source:mpinfo.org |
|
|