|
नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के ग्रामीण अंचलों का भ्रमण किया विधि एवं विधायी, संसदीय कार्य और आवास मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज दतिया विकास खण्ड के ग्राम कमरारी एवं बरोदी पहुंचकर वहां के स्थानीय ग्रामवासियों से भेंट की। उन्होंने शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा भी लिया। इस दौरान डॉ. मिश्रा ने किसानों से कृषि योजनाओं, खाद्य बीज की उपलब्धता तथा वर्तमान फसल के संबंध में बातचीत की। ग्राम कमरारी में किसानों ने मूंगफली की अच्छी फसल आने की संभावना बताई। उन्होंने कहा कि इस बार तिल्ली की भी फसल ठीक है। वर्षा ठीक हुई है और अब हम अगली फसल की तैयारी कर रहे हैं। डॉ. नरोत्तम मिश्रा श्री बाबूलाल राजपूत के निवास पर पहुंचे और उनके पुत्र अनिल 15 वर्ष की सर्पदंश से हुई मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान कराने का आश्वासन दिया।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने ग्राम बरोदी पहुंचकर स्थानीय निवासियों से भेंट की। ग्राम की दो विधवा महिलाओं ने पेंशन की मांग की जिसके संबंध में उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को श्रीमती बेनीबाई एवं एक अन्य महिला मुन्नी पाल के पेंशन प्रकरण स्वीकृत करने के निर्देश दिये। |
|
|