लन्दन प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश के हर्बल एवं वन उत्पादों की सराहना
वन मंत्री श्री सरताज सिंह ने बताया कि लन्दन के ओलम्पिया हाल में आयोजित 'नेचुरल एण्ड आर्गेनिक प्रोडक्ट्स-यूरोप 2010' प्रदर्शनी में रखे गये मध्यप्रदेश के हर्बल एवं वन उत्पादों तथा कच्चे माल को काफी सराहा गया है। प्रदर्शनी में आये अनेकों आगन्तुकों ने इन उत्पादों के लाभ में ग्रामीणों को भागीदार बनाने की मध्यप्रदेश की पहल के प्रति प्रसन्नता भी व्यक्त की। लन्दन से गत रात्रि भोपाल वापस आने के बाद वन मंत्री श्री सरताज सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश के मण्डप को इग्लैण्ड, जर्मनी, जापान, अमेरिका आदि देशों के आगन्तुकों ने विशेष रूप से देखा और मध्यप्रदेश के सुगंधित तेलों, हर्बल चाय एवं औषधीय महत्व के कच्चे माल के प्रति विशेष रुचि दिखाई। इन आगन्तुकों से प्रदर्शनी स्थल पर ही व्यापारिक गतिविधि शुरू करने के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा की गई। वन मंत्री ने बताया कि पत्राचार एवं ई-मेल के माध्यम से इस पहल को आगे बढ़ाया जायेगा। संभावना है कि जल्दी ही इसके परिणाम भी मिलेंगे।
Close